छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर 13 अगस्त को दुर्ग के हिंदी भवन के सामने अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर 13 अगस्त को दुर्ग के हिंदी भवन के सामने अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन समस्त विज्ञान और CTET अभ्यर्थियों की ओर से किया गया।

अभ्यर्थियों ने आगामी शिक्षक भर्ती में विज्ञान शिक्षक, जीव विज्ञान व्याख्याता और रसायन व्याख्याता के पद शामिल करने समेत कई मांगें रखीं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से भर्ती प्रक्रिया में योग्य अभ्यर्थियों को ज्यादा अवसर देने की मांग की।

विज्ञान विषय के पदों को भर्ती में शामिल करने की मांग

अभ्यर्थियों की मांग है कि आगामी शिक्षक भर्ती में विज्ञान शिक्षक, जीव विज्ञान व्याख्याता और रसायन व्याख्याता के पद भी शामिल किए जाएं। उनका कहना है कि विज्ञान विषय से बड़ी संख्या में युवा पढ़ाई करने के बाद शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। अगर इन विषयों के पद ही नहीं निकलेंगे तो उन्हें भर्ती में शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा।

इसके साथ ही अभ्यर्थियों ने स्नातक में 50 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता में सभी को 5 प्रतिशत की छूट देने की मांग की है। उनका कहना है कि 50 प्रतिशत अंक की शर्त के कारण कई योग्य अभ्यर्थी भर्ती से बाहर हो सकते हैं। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को 5 प्रतिशत की छूट मिलनी चाहिए।

6 सितंबर की CTET परीक्षा देने वालों को भी मौका

अभ्यर्थियों की एक बड़ी मांग 6 सितंबर 2026 को होने वाली CTET परीक्षा से जुड़ी है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जो अभ्यर्थी 6 सितंबर को CTET की परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, उन्हें भी आगामी शिक्षक भर्ती में आवेदन करने का अवसर दिया जाए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा की तारीख और भर्ती प्रक्रिया के बीच अंतर को देखते हुए CTET परीक्षा देने वाले युवाओं को आवेदन से बाहर करना सही नहीं होगा। उन्हें भी भर्ती में शामिल होने का मौका मिलना चाहिए।

स्वामी आत्मानंद स्कूलों की भर्ती में दोनों माध्यम के अभ्यर्थियों को मौका

अभ्यर्थियों ने स्वामी आत्मानंद विद्यालयों की भर्ती को लेकर भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यम के योग्य अभ्यर्थियों को भर्ती में शामिल होने का अवसर दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि योग्य अभ्यर्थियों को केवल माध्यम के आधार पर अवसर से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

2019 से गणित व्याख्याता भर्ती का इंतजार

प्रदर्शन में बिलासपुर से पहुंचे गणित शिक्षक संघ के अभिषेक नागेशिया ने कहा कि अभ्यर्थी 2019 से गणित व्याख्याता भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। वर्ष 2023 में केवल एसटी और एससी वर्ग के लिए गणित व्याख्याता के पद निकाले गए थे। इस बार सभी वर्गों के लिए पद शामिल किए जाने चाहिए।

अभिषेक ने कहा कि 2024 की सरकारी मांग में गणित व्याख्याता के पद शामिल थे और इसी आधार पर अभ्यर्थी तैयारी कर रहे हैं। अगर 2026 की भर्ती में गणित व्याख्याता के पद नहीं आए तो यह अभ्यर्थियों के साथ अन्याय होगा।

57 हजार शिक्षक भर्ती के वादे पर भी सवाल

प्रदर्शन में शामिल छात्र पुरुषोत्तम ने कहा कि चुनाव से पहले सरकार ने 57 हजार शिक्षकों की भर्ती का वादा किया था। इसके बाद 33 हजार पदों की भर्ती निकली, लेकिन अब 5-6 हजार पदों की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि विज्ञान संकाय के लिए पर्याप्त पद नहीं होने से हजारों अभ्यर्थियों के सामने परेशानी खड़ी हो रही है।

पूर्वी विधायक और कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने भी अभ्यर्थियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब विज्ञान, गणित, केमिस्ट्री और फिजिक्स जैसे विषयों के शिक्षक ही नहीं होंगे तो बच्चों की पढ़ाई कैसे होगी। उन्होंने सरकार से अभ्यर्थियों की मांगों पर जवाब देने की बात कही।

इस मामले में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से भी सवाल किया गया। प्रदर्शनकारियों की मांगों पर सवाल पूछे जाने के बावजूद शिक्षा मंत्री की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।