छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत तस्करी विवाद में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की हत्या के मामले में चार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। तनाव की स्थिति को देखते हुए बैकुंठपुर और नौगईं में धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह पर इकट्ठा नहीं हो सकते। वहीं, इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।
हमले में घायल रिश्तेदार वीरेंद्र सिंह की अंबिकापुर में और चचेरे भाई नागेंद्र सिंह की बिलासपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को नागेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। पीड़ित परिवार के अनुसार भरत समझौते के लिए गए थे, लेकिन उन पर हमला हो गया। परिवार ने आरोपियों के एनकाउंटर और मामले की CBI जांच की मांग की है।
इधर, घायल मयंक सिंह की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उनके सिर और चेहरे में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में जारी है। घटना के विरोध में करणी सेना ने प्रदर्शन का ऐलान किया है।