NEET-UG 2026 की परीक्षा 21 जून (रविवार) को होगी। देशभर के साथ रायपुर में भी परीक्षा कराई जाएगी

Chhattisgarh CrimesNEET-UG 2026 की परीक्षा 21 जून (रविवार) को होगी। देशभर के साथ रायपुर में भी परीक्षा कराई जाएगी। जिला प्रशासन और NTA ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है।

इसको लेकर कलेक्टर गौरव सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट में बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक, बिजली, मेडिकल सुविधा और परीक्षा से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

NTA की जिला नोडल अधिकारी और सिटी कोऑर्डिनेटर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि रायपुर में इस बार कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दस हजार के करीब स्टूडेंट्स पेपर में शामिल हो सकते हैं

परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक रहेगा। रायपुर से करीब 10 हजार स्टूडेंट्स शामिल होने जा रहे हैं। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही एंट्री मिलेगी।

1:30 बजे के बाद किसी को भी अंदर जाने नहीं दिया जाएगा। परीक्षा देने आने वाले छात्रों को अपना एडमिट कार्ड और एक ओरिजनल फोटा ID साथ लाना जरूरी होगा।

सेंटर में एंट्री से पहले बायोमेट्रिक चेक, पहचान जांच और सिक्योरिटी चेक होगा। इसलिए छात्रों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा नेशनल मेडिकल कमीशन ने भी सर्कुलर जारी कर सभी मेडिकल कॉलेजों से कहा है कि 20 और 21 जून को किसी भी स्टूडेंट को अवकाश न दिया जाए।

सिर्फ बहुत जरूरी और सही वजह होने पर ही छुट्टी दी जाएगी। विभाग का कहना है कि यह फैसला सावधानी के तौर पर लिया गया है, ताकि परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी या गलत इस्तेमाल की संभावना न रहे।

सरकार का मकसद है कि NEET परीक्षा पूरी तरह साफ-सुथरे और निष्पक्ष तरीके से हो। इसलिए खास तौर पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है।

ड्रेस कोड का रखें ध्यान

छात्रों को हल्के और सिंपल कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। मेटल वाले बटन, चेन, गहने या भारी फुटवियर पहनकर न आएं। साधारण चप्पल या सैंडल पहनना बेहतर रहेगा।

अगर कोई छात्र धार्मिक या पारंपरिक ड्रेस में आता है तो उसे सिक्योरिटी चेक में ज्यादा समय लग सकता है। ऐसे में उसे और पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे बच्चों को तनावमुक्त माहौल दें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। छात्रों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित करें।

व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर

एग्जाम के पहले शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शहर के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने पीएम श्री आत्मानंद आर.डी. तिवारी स्कूल आमापारा, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 डीडीयू नगर और NIT स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश की स्थिति में परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि केंद्रों में पर्याप्त शेड (Shade) की व्यवस्था रहे, ताकि फ्रिस्किंग और एंट्री प्रक्रिया आसानी से हो सके। फ्रिस्किंग प्वाइंट पर भी शेड और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान DCP मयंक गुर्जर, SDM नंदकुमार चौबे, ADCP राहुल देव शर्मा और डिप्टी कलेक्टर उपेन्द्र किण्डो समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।