ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स (ईस्टर्न जोन) और ऑल ओडिशा टैक्स एडवोकेट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में राउरकेला में आयोजित दो दिवसीय स्वर्ण जयंती कर सम्मेलन ‘स्वर्ण उदय’ संपन्न हुआ

Chhattisgarh Crimesऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स (ईस्टर्न जोन) और ऑल ओडिशा टैक्स एडवोकेट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में राउरकेला में आयोजित दो दिवसीय स्वर्ण जयंती कर सम्मेलन ‘स्वर्ण उदय’ संपन्न हुआ। 22 और 23 अगस्त 2026 को आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से कर विशेषज्ञों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन का मुख्य विषय “अधिकार से जवाबदेही तक-कर प्रशासन में न्याय को मजबूत करना” (From Authority to Accountability – Strengthening Justice in Tax Administration) रहा। इस दौरान कराधान कानूनों, न्यायिक प्रक्रियाओं और कर प्रशासन से जुड़ी आधुनिक चुनौतियों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।

कर कानूनों पर हुए तकनीकी और अकादमिक सत्र

दो दिवसीय सम्मेलन में विभिन्न अकादमिक और तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। ‘Section 74-A, A Critical Analysis’ विषय पर जयपुर के एडवोकेट एवं सीए जतिन हरजाई ने संबोधित किया। वहीं ‘Safeguarding Genuine ITC Claims under GST: Law, Litigation, and Practical Challenges’ विषय पर नई दिल्ली के सीए राजेंद्र अरोड़ा ने अपने विचार रखे।

वरिष्ठ कर अधिवक्ता विवेक सारस्वत का विशेष सम्मान

सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कर अधिवक्ता विवेक सारस्वत का सम्मान समारोह रहा। विधि एवं कराधान के क्षेत्र में उनके विशिष्ट अकादमिक योगदान को देखते हुए भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति जस्टिस पंकज मित्तल ने उन्हें मंच पर सम्मानित किया।

इस अवसर पर GSTAT स्टेट बेंच झारखंड (रांची) के उपाध्यक्ष तुषार कांति सत्पथी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सम्मेलन में मौजूद प्रतिनिधियों ने कर विधि के क्षेत्र में सारस्वत के योगदान की सराहना की और उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया।

1995 से कर कानूनों के क्षेत्र में सक्रिय

सम्मेलन के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता बिबेकनंदा मोहंती ने विवेक सारस्वत का परिचय देते हुए उनकी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सारस्वत वर्ष 2026 में छत्तीसगढ़ स्टेट टैक्सेशन बार काउंसिल के अध्यक्ष हैं। वे वर्ष 1995 से वैट, सीएसटी और जीएसटी सहित कराधान कानूनों के क्षेत्र में सक्रिय हैं।

वर्तमान में ‘सारस्वत एसोसिएट्स’ के मैनेजिंग एडवोकेट विवेक सारस्वत को वर्ष 2022 में राज्य स्तरीय ‘बैरिस्टर ठाकुर छेदिलाल पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।

कराधान साहित्य में भी अहम योगदान

विवेक सारस्वत ने कराधान कानून से जुड़े साहित्य में भी योगदान दिया है। वे ‘छत्तीसगढ़ वैट मैनुअल’ सहित कई विधि पुस्तकों के लेखक हैं। उनकी छठी और नवीनतम पुस्तक ‘जीएसटी लॉ मैनुअल 2025’ का विमोचन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया था।

‘GSTSAAR’ मोबाइल ऐप भी किया विकसित

कर संबंधी जानकारी को सरल और सुलभ बनाने के उद्देश्य से विवेक सारस्वत ने ‘GSTSAAR’ मोबाइल ऐप भी विकसित किया है। वे युवा अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन और उनके अकादमिक विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रहे हैं।

सम्मेलन में उनके लंबे अनुभव, अकादमिक योगदान और कर विधि के क्षेत्र में कार्यों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।