हथखोज स्थित मयुरा कंपनी में काम के दौरान लोहे की बड़ी प्लेट गिरने से 55 वर्षीय मजदूर चंद्रशेखर सिंह की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesहथखोज स्थित मयुरा कंपनी में काम के दौरान लोहे की बड़ी प्लेट गिरने से 55 वर्षीय मजदूर चंद्रशेखर सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद मजदूरों में नाराजगी देखी गई। वे कंपनी के बाहर पहुंचे और घटना को लेकर अपनी नाराजगी जताई। चंद्रशेखर मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और पिछले करीब 7-8 वर्षों से कंपनी में काम कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि काम के दौरान लोहे की एक बड़ी प्लेट या रॉड चंद्रशेखर के सीने के ऊपर गिर गई। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से हादसे की जानकारी तत्काल नहीं दी गई। परिजनों के मुताबिक, जब वे कंपनी पहुंचे और गार्ड से घटना के बारे में पूछा तो उन्हें किसी हादसे की जानकारी होने से इनकार किया गया। बाद में पता चला कि चंद्रशेखर को निजी अस्पताल ले जाया गया है। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।

मुआवजा और नौकरी की मांग परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है। साथ ही परिवार के एक सदस्य को कंपनी में नौकरी देने की मांग भी की गई है। परिजनों के मुताबिक चंद्रशेखर लंबे समय से भिलाई में रहकर काम कर रहे थे। उनके परिवार में चार बच्चे हैं। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस घटना के कारणों और कंपनी में सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version