छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र और आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने को लेकर भिलाई में राजनीतिक विवाद सामने आया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र और आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने को लेकर भिलाई में राजनीतिक विवाद सामने आया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पखांजूर मंडल उपाध्यक्ष ने अपने फेसबुक अकाउंट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भिलाई-चरोदा के महापौर निर्मल कोसरे व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को पुरानी भिलाई थाने का रुख किया।

महापौर का कहना है कि सोशल मीडिया पर सार्वजनिक जीवन से जुड़े वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ इस तरह की कथित टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। इसी मामले को लेकर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए पुरानी भिलाई थाना पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान नारेबाजी की और पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

महापौर और एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन मामले में भिलाई-चरोदा महापौर एवं कांग्रेस एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल कोसरे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा को दुर्ग डीआईजी विजय अग्रवाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। निर्मल कोसरे ने आरोप लगाया कि भाजपा युवा मोर्चा के पखांजूर मंडल उपाध्यक्ष ने अपने फेसबुक अकाउंट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की स्थिति में पुलिस को शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर इस तरह की कथित भाषा का इस्तेमाल किए जाने का कांग्रेस विरोध करती है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मामले में यदि पुलिस की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की जाती है तो पार्टी की ओर से आगे आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर पोस्ट करने वाले व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट करने और कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी। इसी के चलते कार्यकर्ता एकजुट होकर थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखी।

पुलिस ने कहा- जांच के बाद करेंगे नियमानुसार कार्रवाई छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पखांजूर निवासी युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान सोशल मीडिया पोस्ट की वास्तविकता, पोस्ट करने वाले व्यक्ति और उसमें इस्तेमाल की गई भाषा समेत अन्य तथ्यों को देखा जाएगा। इसके बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।