बलरामपुर जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 5 में अज्ञात चोरों ने फल दुकान संचालक के घर का ताला तोड़कर करीब 1 लाख रुपए कैश चोरी कर लिए

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 5 में अज्ञात चोरों ने फल दुकान संचालक के घर का ताला तोड़कर करीब 1 लाख रुपए कैश चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई, जब परिवार घर में ताला लगाकर करीब एक घंटे के लिए दुकान गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

वार्ड क्रमांक 5 निवासी सत्येंद्र गुप्ता फल का व्यवसाय करते हैं। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे वे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर चांदो चौक स्थित अपनी फल दुकान पर चले गए थे। घर सूना देखकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए।

सत्येंद्र गुप्ता और परिवार के सदस्य करीब 7:25 बजे घर लौटे। मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से करीब एक लाख रुपए कैश गायब मिले। इसके बाद सत्येंद्र गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस आसपास के लोगों से कर रही पूछताछ

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद वार्ड के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। पुलिस ने जल्द चोरों का पता लगाने की बात कही है।