कबीरधाम जिले में सोशल मीडिया पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की फोटो को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र कमेंट करने के दो अलग-अलग मामले सामने आए

Chhattisgarh Crimesकबीरधाम जिले में सोशल मीडिया पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की फोटो को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र कमेंट करने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। साइबर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस के अनुसार, संबंधित फेसबुक अकाउंट, कमेंट और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी व कानूनी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

पहले मामले में प्रकरण क्रमांक 08/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, शिवाजी कॉलोनी वार्ड क्रमांक 1, कवर्धा निवासी राकेश साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार, उनके दोस्त नरेश निर्मलकर ने फेसबुक पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की फोटो अपलोड की थी। आरोप है कि इस फोटो पर वरुण राजपूत ने सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक, अभद्र और अश्लील गाली-गलौज वाले कमेंट किए।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना कबीरधाम में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

फेसबुक स्टोरी पर टिप्पणी का दूसरा मामला

दूसरे मामले में प्रकरण क्रमांक 09/2026 दर्ज हुआ। इसमें घोठिया रोड वार्ड क्रमांक 26, कवर्धा निवासी योगेश महाजन ने शिकायत की।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी जित्तू चंद्रवंशी ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की फोटो फेसबुक स्टोरी पर लगाई और उसके संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र कमेंट किए। शिकायत और उपलब्ध स्क्रीनशॉट के आधार पर पुलिस ने धारा 296 BNS और धारा 67 IT एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

फेसबुक अकाउंट और डिजिटल सबूतों की जांच

पुलिस दोनों मामलों में संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, कमेंट, स्क्रीनशॉट और अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी एवं वैधानिक जांच कर रही है। कार्रवाई साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार शंकर राठौर के नेतृत्व में की गई है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी के मामलों में नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।