
मकान मालिक परमेश्वर देवांगन ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी लोग घर में मौजूद थे। देर रात घर के बाहर कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोगों ने बाहर देखा तो तेंदुआ कुत्ते को लेकर घर के पीछे की तरफ भाग रहा था।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने मौके पर टीम भेजकर जांच कराने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लोगों को सतर्क करने के लिए सूचना बोर्ड लगाने की बात कही है।
सुबह परिवार ने CCTV फुटेज देखा तो घटना की पूरी जानकारी सामने आई। फुटेज में तेंदुआ कुत्ते को दबोचकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। रिहायशी इलाके में तेंदुआ आने की जानकारी मिलने के बाद लोगों में डर का माहौल है। लोग रात के समय घर से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
कांकेर शहर और आसपास के रिहायशी इलाकों में वन्यप्राणियों के पहुंचने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी तेंदुए और भालू आबादी वाले इलाकों में देखे जा चुके हैं। तेंदुए के कुत्ते, मुर्गी और मवेशियों का शिकार करने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वन विभाग से रिहायशी इलाकों में गश्त बढ़ाने और वन्यप्राणियों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। लोगों ने सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की भी मांग की है।
वन विभाग बढ़ाएगा गश्त
वन विभाग के SDO जेएस मरावी ने बताया कि कुत्ते पर तेंदुए के हमले का CCTV फुटेज सामने आया है। टीम को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। क्षेत्र में गश्त भी बढ़ाई जाएगी। लोगों को सतर्क करने के लिए सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे।