बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र में जूनवानी नाला के पास खेत की पगडंडी पर 50 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र में जूनवानी नाला के पास खेत की पगडंडी पर 50 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान ग्राम साहड़ा निवासी विष्णु साहू के रूप में हुई है। उसका शव गांव जाने वाले रास्ते पर मुख्य सड़क से करीब 200 मीटर अंदर मिला। मृतक के शरीर पर अंडरवियर के अलावा कोई अन्य कपड़ा नहीं था, जबकि उसके कपड़े पास ही रखे हुए थे।

घटनास्थल से फिनाइल की खाली बोतल मिलने के बाद पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी

जानकारी के अनुसार, विष्णु साहू अपने परिवार के साथ रायपुर में रहता था और ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। दीपावली के अवसर पर वह अपने गांव साहड़ा आया था। परिजनों के मुताबिक, गांव आने के दौरान उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। वह बार-बार मरने की बात कहता था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस उसकी मौत के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर गिधपुरी थाना प्रभारी सुखेन देशमुख पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

थाना प्रभारी सुखेन देशमुख ने बताया कि परिजनों के प्रारंभिक बयान में जानकारी मिली है कि मृतक दीपावली के समय से ही बार-बार मरने की बात कह रहा था। घटनास्थल से फिनाइल की खाली बोतल भी मिली है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Exit mobile version