
बाद में जब युवती ने पैसे वापस मांगे तो उसने लौटाने से इनकार कर दिया और शादी करने से भी मुकर गया। आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, 22 साल की पीड़िता तमनार थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर काम करती है।उसने 16 नवंबर 2026 को महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता ने बताया कि अक्टूबर में पेट्रोल पंप पर उसकी मुलाकात मेहराब खान (22) से हुई थी। आरोपी जूटमिल के सामने वाली गली में रहता है। मुलाकात के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को मोबाइल नंबर दिए।
इसके बाद उनके बीच बातचीत शुरू हो गई। कुछ दिन बाद आरोपी ने युवती को पसंद करने और उससे शादी करने की बात कही। इस तरह उसने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया।
शादी का भरोसा देकर किया शोषण
शिकायत के अनुसार, 8 अक्टूबर की रात मेहराब युवती के किराए के मकान पहुंचा। यहां उसने शादी का भरोसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करता रहा।
93 हजार रुपए लेकर शादी से मुकरा
इस दौरान आरोपी ने अपनी आर्थिक परेशानी बताकर युवती से करीब 93 हजार रुपए ले लिए। 28 अक्टूबर को जब युवती ने जरूरत पड़ने पर अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
उसने शादी करने से भी मना कर दिया और युवती से कहा कि जो करना है कर लो। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद युवती ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जेल से छूटते ही पुलिस ने पकड़ा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी जूटमिल थाना क्षेत्र के एक मारपीट के मामले में जेल में बंद है। 17 नवंबर की शाम मारपीट के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आते ही महिला थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने जेलपारा में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने पूछताछ और आगे की कार्रवाई के बाद आरोपी मेहराब खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।