दुर्ग के बांबे आवास उरला में 19 साल के शिव बहादुर सिंह सोनी उर्फ शिवा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई

Chhattisgarh Crimesदुर्ग के बांबे आवास उरला में 19 साल के शिव बहादुर सिंह सोनी उर्फ शिवा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। गुरुवार शाम सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल के पास उस पर हमला हुआ था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मोहन नगर पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर लक्ष्मी नारायण सारथी उर्फ लक्ष्य घोड़ा (20) को गिरफ्तार कर लिया।

इधर, शिवा के पिता अमरजीत सोनी ने आरोप लगाया है कि उनका बेटा इलाके में नशे की गोलियां और सिरप बेचने का विरोध करता था। उसने इस मामले में पुलिस से शिकायत करने की चेतावनी भी दी थी। पिता को आशंका है कि इसी वजह से उनके बेटे की हत्या की गई।

उन्होंने वारदात में दूसरे लोगों की भूमिका और हत्या के पीछे साजिश की जांच करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि इन आरोपों की जांच की जा रही है। यह मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है।

10 मिनट में लौटने की बात कहकर निकला था शिवा, फिर मिली हत्या की खबर

शिवा के पिता अमरजीत सोनी ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे उनका बेटा शिव बहादुर सिंह सोनी उर्फ शिवा (19) नहाने और कपड़े बदलने के बाद घर से निकला था। उसने 10 मिनट में वापस आने की बात कही थी। करीब 15 मिनट तक जब वह नहीं लौटा तो पिता ने उसे फोन किया। इस पर शिवा ने थोड़ी देर में आने की बात कही।

कुछ समय बाद मोहल्ले के बच्चे दौड़ते हुए घर पहुंचे और बताया कि शिवा को चाकू मार दिया गया है। परिजन के मुताबिक, हमले में उसके शरीर पर कई जगह चोटें आई थीं। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

माता-पिता का इकलौता बेटा था शिवा

शिवा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। उसने 11वीं तक पढ़ाई करने के बाद स्कूल छोड़ दिया था। फिलहाल वह कोई काम नहीं करता था।

पिता के मुताबिक, शिवा का किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था और वह लड़ाई-झगड़े से दूर रहता था। बेटे की मौत से परिवार सदमे में है। परिजन ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पिता का दावा- 4 से 6 महीने से बिक रहा था नशे का सामान

अमरजीत सोनी का आरोप है कि बांबे आवास इलाके में पिछले 4 से 6 महीने से कुछ लोग नशे की गोलियां और सिरप बेच रहे थे। उनका बेटा इसका विरोध करता था। पिता के मुताबिक, शिवा ने संबंधित लोगों से कहा था कि अगर वे दोबारा नशे का सामान बेचते मिले तो वह मोहल्ले के लोगों को साथ लेकर मोहन नगर थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत करेगा।

पिता का कहना है कि उनका बेटा नशे के कारोबार में शामिल नहीं था, बल्कि इसका विरोध करता था। उन्हें शक है कि नशे की बिक्री रोकने की कोशिश के कारण ही उसे निशाना बनाया गया। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह और नशे के कारोबार से इसका संबंध अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पिता ने कहा- वारदात में 7 से 8 युवक शामिल थे

मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि वारदात के समय 7 से 8 युवक मौजूद थे और उनके चेहरे ढंके हुए थे। उन्होंने मांडा देवार, लक्ष्मी नारायण सारथी उर्फ लक्ष्य और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच करने की मांग की है।

पिता का दावा है कि शिवा के शरीर पर धारदार हथियार से करीब 7 से 8 जगह चोटें पहुंचाई गई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन कोई उसे बचाने के लिए आगे नहीं आया।

परिजन को आशंका है कि हत्या में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस से पूरी घटना, संभावित साजिश और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। दूसरे लोगों की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हत्या के बाद मोहल्ले में आक्रोश, पुलिस पेट्रोलिंग पर उठे सवाल

घटना के बाद इलाके के लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने बांबे आवास में कानून-व्यवस्था और पुलिस की निगरानी पर सवाल उठाए हैं।

स्थानीय निवासी तुषार सूर्यवंशी ने कहा कि इलाके में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस चौकी होने के बावजूद अपराधों पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है। उनका आरोप है कि पिछले 3 से 4 महीने से चौकी में पुलिस की नियमित मौजूदगी और पेट्रोलिंग नजर नहीं आ रही है।

वहीं, प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि नशे की समस्या सिर्फ बांबे आवास तक सीमित नहीं है। नयापारा और गंजपारा समेत शहर के दूसरे इलाकों में भी नशे की सामग्री मिलने की शिकायतें चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि कम उम्र के बच्चों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है।

उन्होंने नशे की बिक्री पर रोक लगाने और शिवा की हत्या के मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही शनिवार को धरना देने की बात कही।

एएसपी बोले- जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि मोहन नगर थाना क्षेत्र के बांबे आवास के पास विवाद के दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में लक्ष्मी नारायण सारथी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

मृतक के पिता ने हत्या की साजिश और अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। इस पर एएसपी ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।