सरगुजा के ग्राम पूटा में बेटे ने विवाद के बाद वृद्ध पिता को पीट-पीटकर मार डाला। पिता की मौत के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी पुत्र को सूरजपुर जिले से हिरासत में लिया है। घटना उदयपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पूटा निवासी मनीनाथ मझवार (70 वर्ष) का शुक्रवार शाम करीब 4 बजे बेटे परवल राम (48 वर्ष) से परिवारिक कारणों को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मनीनाथ मझवार ने अपने बेटे से गाली-गलौज की। इससे आक्रोशित परवल राम ने पिता की हाथ-मुक्कों से बेदम पिटाई कर दी। अंदरूनी चोटों के कारण मनीनाथ मझवार की मौत हो गई।
सूरजपुर से गिरफ्तार किया गया आरोपी
मनीनाथ मझवार की पत्नी देर शाम घर लौटी तो उसे पति का शव घर के बाहर पड़ा हुआ मिला। इसकी सूचना सरपंच नंदाराम को दी गई। सरपंच की सूचना पर उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फारेंसिक एक्सपर्ट की मौजूदगी में शनिवार को शव का पंचनामा कराया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने उसे सूरजपुर जिले के जयनगर से हिरासत में लिया।
थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि आरोपी ने पिता की हत्या करना कबूल कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश कर दिया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
इंटर कास्ट मैरिज के कारण होता था विवाद
पुलिस पूछताछ में पता चला कि परवल राम ने इंटर कास्ट मैरिज की थी, जिसे लेकर कई वर्षों से पिता से उसकी नहीं बनती थी। आरोपी परवल राम के दो बच्चे हैं। इनमें बेटा 16 साल का है। एक छोटी बेटी है।