सूरजपुर जिले के सलका-करौटी मुख्य मार्ग पर टईया गांव के पास ट्रक और बाइक की भिड़ंत में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले के सलका-करौटी मुख्य मार्ग पर टईया गांव के पास ट्रक और बाइक की भिड़ंत में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार 12 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक में फंसकर करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक देवनाथ और उनकी पत्नी मनबसिया अपने दामाद के यहां घूमने आए हुए थे। इसी दौरान दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे। जब वे सलका-करौटी मुख्य मार्ग पर टईया गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर के बाद दंपति सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथ मौजूद 12 वर्षीय बच्चा भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।

मेडिकल कॉलेज रेफर

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

ट्रक छोड़कर फरार हुआ ड्राइवर

हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चेन्द्रा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस फरार ट्रक की ड्राइवर तलाश में जुटी है।

Exit mobile version