
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। करीब एक महीने बाद जांच में पति की भूमिका संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया। आरोपी को 29 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
विवाद के बाद महिला ने खाई थी चूहे मारने की दवा
पुलिस के मुताबिक, घटना 20 सितंबर 2026 की है। जामुल की एसीसी कॉलोनी निवासी अंजना शर्मा का अपने पति संजीव कुमार शर्मा से पारिवारिक विवाद हुआ था। विवाद के बाद अंजना ने चूहे मारने की दवा का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया।उनकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उन्हें श्री शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी रहा, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। 25 सितंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मर्ग जांच में पति की भूमिका संदिग्ध मिली
महिला की मौत के बाद जामुल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्य और तथ्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, मर्ग जांच में पति संजीव कुमार शर्मा की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच में पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के तथ्य सामने आने पर पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया।
BNS की धारा 108 के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 823/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। इसके बाद आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 29 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी संजीव कुमार शर्मा (55) मूल रूप से एमआईजी-78, जनता मार्केट के पास, पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग का निवासी है। वह वर्तमान में जामुल की एसीसी कॉलोनी में रह रहा था। मामले में आगे की विवेचना जारी है।