
एयर शो में सारंग टीम के अलावा वायुसेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम भी अपने कौशल का प्रदर्शन करेगी। वहीं, एमआई-17 हेलिकॉप्टर से विशेष स्लिदरिंग ऑपरेशन दिखाया जाएगा। इसमें जवान हेलिकॉप्टर से रस्सी के सहारे नीचे उतरते हुए दिखाई देंगे। वायुसेना के इन प्रदर्शनों के जरिए लोगों को उसकी ऑपरेशनल क्षमता, तकनीक और जवानों के प्रशिक्षण की झलक मिलेगी।
आकाशगंगा टीम के आठ प्रशिक्षित पैराशूट जंप इंस्ट्रक्टर एएन-32 विमान से 8 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाएंगे। टीम का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा करेंगे। यह टीम आगरा स्थित पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल से आएगी। बता दें कि आकाशगंगा की स्थापना 10 अगस्त 1987 को एयरफोर्स स्टेशन आगरा में हुई थी। टीम ने 2019 के गणतंत्र दिवस समारोह में पैराशूट के जरिए 20×30 फीट का तिरंगा प्रदर्शित कर खास उपलब्धि हासिल की थी।
इन 10 फॉर्मेशन और करतबों से रोमांचित करेंगे सारंग के पायलट
सारंग टीम के शो में पांच हेलिकॉप्टर एक साथ अलग-अलग आकृतियां बनाते हुए उड़ान भरेंगे। इनमें इनवर्टेड वाइनग्लास फॉर्मेशन में हेलिकॉप्टर हवा में उल्टे गिलास जैसी आकृति बनाएंगे। इंडिया फॉर्मेशन और डायमंड फॉर्मेशन में हेलिकॉप्टर विशेष ज्यामितीय आकृतियों में उड़ान भरेंगे।
डॉल्फिन लीप में हेलिकॉप्टर डॉल्फिन की छलांग जैसी तेजी से ऊपर उठने और नीचे आने वाली मूवमेंट करेंगे। क्रॉस ओवर ब्रेक में हेलिकॉप्टर एक-दूसरे के सामने से गुजरते हुए अलग-अलग दिशाओं में मुड़ेंगे। डबल एरो क्रॉस में दो समूह तीर जैसी आकृति बनाते हुए एक-दूसरे को क्रॉस करेंगे।
मेश फॉर्मेशन में हेलिकॉप्टर एक-दूसरे के रास्ते से गुजरते हुए जाल जैसी आकृति बनाएंगे। लेवल क्रॉस में अलग-अलग दिशाओं से एक ही ऊंचाई पर उड़ते हुए हेलिकॉप्टर एक-दूसरे को क्रॉस करेंगे। हार्ट फॉर्मेशन में पांचों हेलिकॉप्टर सफेद धुएं से आसमान में दिल की आकृति बनाएंगे। वहीं, सारंग स्प्लिट में सभी हेलिकॉप्टर तेजी से अलग-अलग दिशाओं में बिखरते हुए दिखाई देंगे। यह टीम का सिग्नेचर करतब है।