छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक युवक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर पहले विशाखापट्टनम और फिर ओडिशा ले गया, जहां उसने रेप की वारदात को अंजाम दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक युवक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर पहले विशाखापट्टनम और फिर ओडिशा ले गया, जहां उसने रेप की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने नाबालिग लड़की को बरामद कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।

दरअसल 27 अप्रैल 2026 को पिता ने कोतरारोड़ थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि 25 अप्रैल की रात परिवार के सभी सदस्य घर में सोए हुए थे। देर रात लगभग 2 बजे उठने पर घर का मेन गेट खुला मिला और 17 साल की बेटी कमरे से गायब मिली।

रिश्तेदारों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई पुलिस ने धारा 137(2) BNS के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

तकनीकी सबूतों और मुखबिर सूचना के आधार पर पहले नाबालिग की लोकेशन विशाखापट्टनम में मिलने की जानकारी मिली। पुलिस टीम रवाना होने की तैयारी कर ही रही थी कि इसी बीच लोकेशन ओडिशा के संबलपुर में प्राप्त हुई। टीम संबलपुर के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में ही लोकेशन फिर से बदल गई।

विशाखापट्टनम-संबलपुर में बनाए शारीरिक संबंध

लगातार तकनीकी निगरानी और सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने 26 जून 2026 को कोड़ातराई क्षेत्र में दबिश देकर नाबालिग को संदेही धीरज निराला उर्फ नानू (19) के पास से बरामद किया।पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे विशाखापट्टनम और ओडिशा के संबलपुर ले गया, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

ऐसे में पुलिस ने आरोपी धीरज निराला उर्फ नानू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 87, 65(1) BNS और 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी

SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि अभियान ‘संवेदना’ के तहत गुम हुए बालक-बालिकाओं की जल्द और सुरक्षित बरामदगी तथा उन्हें बहला-फुसलाकर ले जाने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में लगातार तलाश कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version