जशपुरनगर में छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की आशंका के बीच जशपुर पुलिस ने कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesजशपुरनगर में छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की आशंका के बीच जशपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने घोलेंग के पास रात में जांच के दौरान धान से भरे दो ट्रकों को पकड़ा। दोनों ट्रकों में कुल 400 बोरी यानी करीब 160 क्विंटल धान लोड था, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 79 हजार 200 रुपए बताई गई है।

परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया। वहीं, ट्रक चालकों और मालिकों सहित चार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

धान कटाई का सीजन शुरू होने के साथ ही प्रदेश में समर्थन मूल्य पर खरीदी की तैयारियां चल रही हैं। इस दौरान सीमावर्ती राज्यों से धान लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की आशंका को देखते हुए शासन ने अवैध परिवहन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने भी जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को संदिग्ध वाहनों की जांच करने और दूसरे राज्यों से होने वाले धान के अवैध परिवहन पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में 29 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे सिटी कोतवाली पुलिस ने घोलेंग के पास जांच के दौरान दो ट्रकों को रोककर तलाशी ली। ट्रक क्रमांक CG-14-MW-3959 और CG-14-MW-6091 में बड़ी मात्रा में धान लोड मिला। पुलिस ने चालकों और संबंधित मालिकों से परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद दोनों ट्रकों से 400 बोरी धान जब्त किया गया। इसका कुल वजन करीब 160 क्विंटल और अनुमानित मूल्य 3,79,200 रुपए बताया गया है।

दूसरे राज्य से लाकर मंडी में खपाने की आशंका

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि धान झारखंड के गुमला से लोड कर छत्तीसगढ़ के बतौली ले जाया जा रहा था। धान खरीदी सीजन शुरू होने के मद्देनजर आशंका जताई जा रही है कि दूसरे राज्य से लाए गए धान को प्रदेश की मंडियों में खपाने की तैयारी थी। हालांकि, परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने धान जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया।

चार लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान बाधा डालने की कोशिश किए जाने पर ट्रक चालकों और मालिकों सहित चार लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई की जद में आए लोगों में कृष्णा साहू (47), निवासी लक्ष्मण नगर, गुमला (झारखंड), संजय कुजूर (55), निवासी डंडाडीह, थाना दुलदुला, जिला जशपुर, अभिमन्यु सिंह (36) और सुमित सिंह (23), दोनों निवासी रामनगर, गुमला (झारखंड) शामिल हैं।

जशपुर पुलिस ने कहा है कि धान खरीदी सीजन के दौरान सीमावर्ती राज्यों से होने वाले धान परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध वाहनों की जांच का अभियान जारी रहेगा और अवैध रूप से धान लाकर प्रदेश की मंडियों में खपाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version