नाट्य संस्था ‘रंगभूमि’ के सहयोग से युवा निर्देशक किशोर वैभव की तरफ से निर्देशित हिंदी नाटक ‘कथा’ का मंचन रविवार 14 जून को महाराष्ट्र मंडल स्थित संत ज्ञानेश्वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर रंगमंच पर किया जाएगा। 70 मिनट का यह नाटक शाम 7 बजे शुरू होगा।
आचार्य रंजन मोड़क ने बताया कि ‘कथा’ संस्कृत के प्रसिद्ध ग्रंथ ‘कथासरित्सागर’ पर आधारित है। यह ग्रंथ 11वीं शताब्दी में कश्मीरी विद्वान सोमदेव भट्ट द्वारा रचा गया था। इसमें मिथक, इतिहास, यथार्थ और लोककथाओं का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
सांस्कृतिक विरासत का मंच पर जीवंत रूप
नाटक के माध्यम से भारतीय कथा परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह प्रस्तुति दर्शकों को मनोरंजन के साथ भारतीय साहित्य की समृद्ध परंपरा से भी परिचित कराएगी।
नाटक में हेमंत यादव सूत्रधार की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा निलेश पटेल, अक्षदा मातुरकर, सुमन आरोही, आदित्य दास, आस्था जांगड़े और विजय शर्मा सहित कई कलाकार अभिनय करेंगे। मंच सज्जा और विन्यास संयोजन की जिम्मेदारी लोकेश साहू, स्वप्निल हुद्दार और संत फरिकार ने संभाली है। नाटक का मंचन रंगसाधकों के सहयोग से किया जा रहा है।