धर्म, तप और संयम को समर्पित भव्य धार्मिक आयोजन रविवार को पटवा भवन, टैगोर नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मुनि सुब्रतस्वामी जैन श्वेताम्बर संघ, आनंदम वर्ल्ड सिटी कचना और जैन श्रीसंघ शंकर नगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।इस कार्यक्रम में विनयकुशल मुनि के 50 वर्ष के संयम जीवन की अनुमोदना की गई। वहीं विराग मुनि की 165 दिनों की कठिन तपस्या का सम्मान और अनुमोदन किया गया। बालमुनि हंसभद्र मुनि की साधना, ज्ञान और धार्मिक उपलब्धियों का भी सम्मान किया गया। इस दौरान साधु-साध्वियों की पावन उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
समारोह में आनंदम वर्ल्ड सिटी, कचना में बनने वाले भव्य जिनालय और उपाश्रय के शिलान्यास चढ़ावे की प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। सरावगी परिवार द्वारा धर्मकार्य के लिए समर्पित लगभग 15 हजार वर्गफुट भूमि पर यह धार्मिक परिसर निर्मित किया जाएगा। श्रद्धालुओं ने जिनालय निर्माण में बढ़-चढ़कर सहभागिता का संकल्प लिया।
श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल
इस कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि 165 दिवसीय तपस्या अनुमोदना अभियान रही। प्रारंभ में 165 परिवारों को उपवास से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अभियान से देशभर के हजारों श्रद्धालु जुड़ गए। बड़ी संख्या में लोगों ने उपवास, एकासन और अन्य तप-आराधना के संकल्प लेकर धर्म के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि धर्म, संयम और आध्यात्मिक मूल्यों को समाज में मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।