छत्तीसगढ़ में कारोबारियों के अनुसार धनतेरस पर 12 हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान है। वहीं रायपुर के बाजारों में करीब 2000 करोड़ रुपए का कारोबार हो सकता है। सराफा, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर इस कारोबार के बड़े हिस्सेदार रहेंगे।
त्योहार को देखते हुए दुकानों और शोरूम में खास तैयारियां की गई हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कंपनियों और दुकानों ने छूट, गिफ्ट और फाइनेंस की सुविधाएं भी दी हैं।
सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। सदर बाजार, गोलबाजार, मालवीय रोड, जवाहर बाजार, पंडरी और एमजी रोड जैसे प्रमुख कारोबारी इलाकों में देर रात तक रौनक रहने की उम्मीद है।
सराफा बाजार में हल्के गहनों और सिक्कों की मांग
धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा के चलते सराफा बाजार में सबसे ज्यादा उम्मीद है। इस बार सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के बावजूद ग्राहकों का रुझान बना हुआ है।
हालांकि, बजट को ध्यान में रखते हुए लोग भारी गहनों के बजाय हल्के वजन की ज्वेलरी, सिक्के और छोटे आभूषण पसंद कर रहे हैं। पुराने गहनों को एक्सचेंज कर नए आभूषण खरीदने का विकल्प भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है।
राष्ट्रीय स्तर पर ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन ने धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषण और सिक्कों की बिक्री करीब 66 हजार करोड़ रुपए रहने का अनुमान जताया है। यह पिछले साल के मुकाबले लगभग 10% ज्यादा है।
कार-बाइक की डिलीवरी के लिए शोरूम में तैयारी
ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी धनतेरस को लेकर उत्साह है। कार और दोपहिया वाहनों की पहले से बुकिंग कराने वाले ग्राहक शुभ मुहूर्त में डिलीवरी लेने पहुंचेंगे।
शोरूम में वाहनों की सजावट से लेकर डिलीवरी की व्यवस्था तक की गई है। कंपनियां एक्सचेंज बोनस, कैश डिस्काउंट और आसान फाइनेंस जैसी योजनाएं दे रही हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीदारी को लेकर भी ग्राहकों में दिलचस्पी है।
मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक्स में ऑफर का आकर्षण
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, लैपटॉप, मोबाइल और अन्य घरेलू उपकरणों की मांग रहने की उम्मीद है।
कंपनियों की ओर से बैंक डिस्काउंट, नो-कॉस्ट ईएमआई और एक्सचेंज ऑफर दिए जा रहे हैं। ग्राहक पुराने उपकरण बदलकर नए मॉडल खरीदने में भी रुचि दिखा रहे हैं। मोबाइल कारोबार के प्रमुख केंद्र रवि भवन और आसपास के बाजारों में भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।