छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में शुक्रवार सुबह करंट लगने से पिता-बेटे की मौत हो गई। नेहरू चौक स्थित घर की बालकनी की लोहे की ग्रिल में करंट फैलने से कारोबारी राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता इसकी चपेट में आ गए।
दोनों की मौके पर मौत हो गई। पति और बेटे को बचाने पहुंचीं राकेश की पत्नी वर्षा गुप्ता भी करंट लगने से घायल हो गईं। उनका जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर रेफर किया जा रहा है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
बालकनी में ग्रिल छूते ही करंट की चपेट में आए राकेश
जानकारी के मुताबिक, राकेश गुप्ता (45) पिता पुरुषोत्तम लाल गुप्ता शुक्रवार सुबह रोज की तरह नींद से जागे और बालकनी में गए। वहां उन्होंने लोहे की ग्रिल को हाथ लगाया तो उसमें फैले करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वे ग्रिल से चिपक गए।
पिता को बचाने पहुंचे बेटे को भी लगा करंट
पिता को ग्रिल से चिपका देख उनका 24 वर्षीय बेटा ओम गुप्ता उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया। इसके बाद पति और बेटे को बचाने पहुंचीं वर्षा गुप्ता (45) को भी बिजली का झटका लगा और वे दूर जा गिरीं।
डॉक्टरों ने पिता-बेटे को मृत घोषित किया
आसपास के लोगों की मदद से तीनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने राकेश गुप्ता और ओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल वर्षा गुप्ता का इलाज जारी है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है।
फिलहाल, पुलिस मामले में मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और आगे की जांच में जुट गई है।