छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार दोपहर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता और उनके दो बच्चों की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार दोपहर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। तीनों पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालकर गांव लौट रहे थे। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

वहीं, बेमेतरा जिले में भी एक सड़क हादसे में 2 लोगों की जान गई है। वार्ड नंबर-2 स्थित सतनाम चौक पर सुबह 4 बजे दो कारों और एक ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोग घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में फंसे लोगों को दरवाजे तोड़कर बाहर निकालना पड़ा। घटना बेमेतरा थाना क्षेत्र की है।

केस 1 – बलौदाबाजार में पिता और 2 बच्चों की मौत

पहली घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम खैरताल में रहने वाले रामचंद्र ध्रुव (39) अपने बच्चों निहारिका ध्रुव (16) और टोमेश ध्रुव (12) के साथ बाइक (MP18 M 1744) से जा रहे थे।

इसी दौरान ट्रक (CG08 AX 6011) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौत हो गई। वे बच्चों के साथ किसी काम से बलौदाबाजार आए थे। पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालने के बाद तीनों बाइक से गांव लौट रहे थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार

थाना प्रभारी लखेश केवंट ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

केस 2 – बेमेतरा में दो कारों और ट्रैक्टर की टक्कर

दूसरी घटना बेमेतरा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, नवागांव से लौट रहा एक परिवार कार (CG 04 SC 8643) में सवार था। कार में तीन महिलाएं और ड्राइवर समेत चार लोग थे। इसी दौरान बेमेतरा की ओर से आ रही कार (CG 25 H 2388) ने उसे टक्कर मार दी।

परिवार की कार में आगे बैठी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वह बेरला क्षेत्र के ग्राम सोढ़ की रहने वाली थी। वहीं, दूसरी कार में सवार दो युवकों में से वाइस उर्फ लक्की देशलहरे की भी मौके पर मौत हो गई। वह बेमेतरा का रहने वाला था। दूसरी कार के चालक की पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है।