
जानकारी के मुताबिक, पटपरिया निवासी शकुंतला टोप्पो ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि, उन्होंने पति इग्नासियुस टोप्पो के नाम पर साल 2023 में एक्सिस बैंक से 550,000 रुपए और चोलामण्डलम फाइनेंस से 7,64,000 रुपए पर्सनल लोन लिया था। लोन लेते समय एक्सिस बैंक में प्रतीक ठाकुर से जान पहचान हुई थी, जो उनके घर इग्नासियुस टोप्पो के साथ आना-जाना करता था।
एक्सिस बैंक और चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी के पूरे पैसे वे जमा नहीं कर सके थे। जिस कारण उनका ब्याज बढ़ रहा था। इस दौरान इग्नासियुस टोप्पो के परिचित प्रतीक ठाकुर ने 13 मार्च 2025 को घर आकर कहा कि वह पैसे जमा करा देगा।
पुरानी पहचान होने के कारण शकुंतला टोप्पो और उनके पति इग्नासियुस टोप्पो ने प्रतीक ठाकुर पर भरोसा कर लिया। शकुंतला टोप्पो वर्तमान में आयुष विभाग में सक्ति जिले में पदस्थ हैं। जिस कारण वे ज्यादातर समय वहीं रहती हैं। इग्नासियुस टोप्पो पंचायत सचिव के पद पर पदस्थ हैं।
दोनों ने 13 मार्च 2025 को दो लाख रुपए कैश दिया। इसके बाद 7 जुलाई तक किश्तों में 4 लाख 10 हजार रुपए ऑनलाइन और चेक के जरिए प्रतीक ठाकुर को दिया गया।
फाइनेंस सेटल बताया, लेकिन रसीद नहीं दी
प्रतीक ठाकुर ने बताया कि एक्सिस बैंक और चोला मंडलम का फाइनेंस सेटल हो गया है, लेकिन उसने रसीद नहीं दी। पूछे जाने पर हर बार वह बहाने बनाता रहा।
कुछ दिनों पहले चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी से इग्नासियुस टोप्पो को फोन आया कि वे लोन की राशि जमा करें। इसके बाद प्रतीक ठाकुर से उन्होंने संपर्क किया तो उसने जल्द लोन क्लीयर करने का भरोसा दिया, लेकिन पैसे जमा नहीं कराए।
ठगे जाने का ऐहसास होने पर शकुंतला टोप्पो ने मामले की शिकायत गांधीनगर थाने में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।