सूरजपुर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के बोंगा गांव का रहने वाला 15 साल का संजू 5 अक्टूबर से लापता है। वह सुबह काम की तलाश में बैग लेकर घर से निकला था।
इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने गांव के युवक पर उसे बहला-फुसलाकर हैदराबाद ले जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
18 दिन तक परिवार ने खुद की तलाश, फिर थाने में शिकायत
संजू के पिता सुरेश अगरिया ने बताया कि उनका बेटा 5 अक्टूबर की सुबह घर से निकला था। वह किसी को कुछ बताए बिना अपने साथ बैग लेकर गया था। परिजनों को लगा कि वह कुछ देर में लौट आएगा, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा।
इसके बाद परिवार ने आसपास के गांवों, परिचितों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की। करीब 18 दिन तक खुद खोजबीन करने के बाद पिता ने रामकोला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में उन्होंने गांव के एक युवक पर संजू को बहला-फुसलाकर हैदराबाद ले जाने की आशंका जताई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का केस दर्ज किया है।
बेटे के इंतजार में मां की आंखों से नहीं थम रहे आंसू
डेढ़ महीने से बेटे की कोई खबर नहीं मिलने से मां बसंत कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि संजू घर से निकला था, लेकिन अब तक वापस नहीं लौटा। बेटे की तलाश के लिए वह थाने से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक गुहार लगा चुकी हैं।
परिवार अपने स्तर पर भी लगातार संजू को खोज रहा है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। मां का कहना है कि उन्हें सिर्फ अपने बेटे की सुरक्षित वापसी चाहिए। वह प्रशासन से जल्द तलाश करने की मांग कर रही हैं।
पुलिस बोली- नाबालिग की तलाश जारी, सभी पहलुओं की जांच
सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि नाबालिग के लापता होने की शिकायत पर रामकोला थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के साथ बाहर काम करने गए परिचितों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर संजू की तलाश कर रही है। मामले की जांच और तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। ठोस जानकारी मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।