
जिला दंडाधिकारी ने उसे एक वर्ष तक कोंडागांव सहित बस्तर संभाग के चार अन्य जिलों और धमतरी की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने का आदेश जारी किया है।
जिला बदर की कार्रवाई मौजमपारा, केशकाल निवासी सगीर खान पिता शहजाद खान (47) के विरुद्ध की गई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 2005 से 2023 के बीच केशकाल थाना सहित अन्य थानों में मारपीट, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, धमकी देने और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित कई मामले दर्ज हुए हैं। इसके अलावा समय-समय पर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जाती रही है।
पुलिस प्रतिवेदन पर जिला दंडाधिकारी ने लिया फैसला
पुलिस के मुताबिक, लगातार कार्रवाई के बावजूद उसके आचरण में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इससे क्षेत्र की शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इस आधार पर पुलिस अधिकारियों के माध्यम से जिला बदर का प्रस्ताव तैयार कर जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
उपलब्ध दस्तावेजों और अभिलेखों के परीक्षण के बाद जिला दंडाधिकारी ने 16 नवंबर को जिला बदर का आदेश जारी किया।
पांच जिलों की सीमाओं में प्रवेश पर रोक
आदेश के अनुसार, सगीर खान को आगामी एक वर्ष तक कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, बस्तर और धमतरी जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहना होगा। आदेश की तामीली के 24 घंटे के भीतर उसे इन सभी जिलों की सीमाओं से बाहर जाना होगा। साथ ही 15 नवंबर 2027 से पहले इन जिलों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने जिला बदर की इस कार्रवाई को क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए उठाया गया वैधानिक कदम बताया है।