अंबिकापुर में 50 लाख रुपए की चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को मंत्री राजेश अग्रवाल से शिकायत की

Chhattisgarh Crimesअंबिकापुर में 50 लाख रुपए की चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को मंत्री राजेश अग्रवाल से शिकायत की। अग्रसेन भवन में व्यापारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

इसके बाद राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन कर कहा कि व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है। बांधकर बैठा दिया है, छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए।

इस पर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने कार्रवाई के लिए 2 दिन का समय मांगा है। वहीं, अब बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

व्यापारी बोले- शिकायत के बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए

जानकारी के मुताबिक, अग्रसेन भवन पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल से व्यापारियों ने कहा कि उनके कहने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।

व्यापारियों ने टीआई को खर्चा-पानी के लिए पैसे देने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और उन्हें लगातार परेशान होना पड़ रहा है।

मंत्री ने TI से कहा- आरोपी नहीं पकड़ पा रहे तो मुझे छुड़ाइए

व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया। उन्होंने कहा कि अपराधियों को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो मुझे छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है और बांधकर बैठा दिया है। इस पर थाना प्रभारी ने कार्रवाई के लिए दो दिन की मोहलत मांगी। मंत्री ने कहा कि दो-तीन दिन में कार्रवाई करके मुझे जानकारी दें।

फर्जी सील और रसीद बनाकर निकाल रहे थे सामान

मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी में छह साल से काम कर रही बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की ने कंपनी की फर्जी सील बनाकर बड़े पैमाने पर सामान की हेराफेरी की है।

शिकायत के मुताबिक, दोनों पिछले चार महीने से फर्जी नगदी रसीद बनाकर कंपनी से सामान निकाल रहे थे। पिकअप और दूसरे मालवाहक वाहनों से सामान गंगापुर स्थित एक गोदाम में पहुंचाया जाता था। यहां से दुकानों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।