रायपुर के तेलीबांधा के iNext Apple Store में हुई 1.89 करोड़ रुपए की चोरी के मामले में पुलिस आज खुलासा करेगी। इस वारदात में मध्यप्रदेश के कंजर गिरोह का नाम सामने आ रहा है। हालांकि, गिरोह से जुड़े आरोपियों की भूमिका और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
दरअसल, 31 अक्टूबर की रात चोरों ने मरीन ड्राइव के सामने स्थित iNext Apple Store को निशाना बनाया था। चोर दुकान का शटर उठाकर अंदर घुसे और वहां रखे 173 आईफोन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपए बताई गई थी।
घटना के बाद तेलीबांधा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मध्यप्रदेश के कंजर गिरोह का नाम सामने आने की जानकारी मिल रही है।
अब पुलिस आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चोरी की वारदात, आरोपियों की पहचान, गिरोह की भूमिका और चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर जानकारी दे सकती है।