रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ दो भाइयों ने मारपीट की। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
मारपीट में पटवारी घायल हो गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे थे पटवारी
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पोरडा निवासी शिवानंद गिरी (37) हल्का नंबर 8 रायकेरा में पटवारी के पद पर पदस्थ हैं। मंगलवार को तहसीलदार के निर्देश पर वे तिलाईपाली और रायकेरा क्षेत्र के ग्राम नयारामपुर में एनटीपीसी के लिए आरक्षित स्कूल मैदान के पास सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे थे। उनके साथ स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी मौजूद थे।
निर्माण रोकने की समझाइश देने पर विवाद
मौके पर जांच के दौरान पता चला कि तिलाईपाली निवासी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी सरकारी जमीन पर शेड बनवा रहा है। पटवारी ने जांच पूरी होने तक एक-दो दिन निर्माण रोकने की समझाइश दी। तहसीलदार घरघोड़ा ने भी फोन पर प्यारीलाल को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।
दोनों भाइयों ने मिलकर पटवारी को पीटा
आरोप है कि प्यारीलाल गुप्ता ने गाली-गलौज शुरू कर दी। हाथ-मुक्कों और डंडे से पटवारी के साथ मारपीट करने लगा। जब शिवानंद गिरी ने विरोध किया तो प्यारीलाल ने अपने भाई विजय गुप्ता को भी बुला लिया। इसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर पटवारी से मारपीट की। घटना में पटवारी घायल हो गया।
विजय गिरफ्तार, प्यारीलाल की तलाश जारी
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने विजय गुप्ता को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, उसका भाई प्यारीलाल गुप्ता फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सरकारी काम में बाधा डालने वालों पर होगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सरकारी काम में बाधा डालने और शासकीय कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सरकारी कामकाज सुचारू रखना पुलिस की प्राथमिकता है।