बलौदाबाजार जिले के पलारी क्षेत्र के बालसमुंद में आयोजित कार्तिक पुन्नी मेले में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार जिले के पलारी क्षेत्र के बालसमुंद में आयोजित कार्तिक पुन्नी मेले में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मेला घूमने पहुंचे 44 वर्षीय युवक का संतुलन बिगड़ने से वह नाश्ता बना रहे होटल के पास रखी खौलते तेल की कड़ाही में जा गिरा।

गर्म तेल की चपेट में आने से युवक शरीर के करीब 60% हिस्से तक झुलस गया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत कर युवक को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

मिली जानकारी के अनुसार, पलारी नगर के वार्ड क्रमांक 12 निवासी उमेश कुमार वर्मा (44) मंगलवार देर शाम बालसमुंद कार्तिक पुन्नी मेला घूमने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था।

इसी दौरान वह मेले में एक होटल के पास पहुंचा, जहां समोसा और पकौड़ा बनाया जा रहा था। होटल के पास गर्म तेल से भरी कड़ाही रखी हुई थी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से युवक खौलते तेल की कड़ाही में गिर गया।

पुलिस ने मशक्कत कर बाहर निकलवाया

युवक के कड़ाही में गिरते ही खौलता तेल उसके शरीर के अधिकांश हिस्से पर फैल गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकलवाने में मदद की। इसके बाद एंबुलेंस से उसे तत्काल पलारी अस्पताल पहुंचाया गया।

60 प्रतिशत तक झुलसा, रायपुर रेफर

पलारी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि युवक करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया है। फिलहाल रायपुर में उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

हादसे के समय मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मौजूद थे। अचानक हुई घटना से कुछ देर के लिए मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।