सूरजपुर के लटोरी चौकी क्षेत्र में बकरा-बकरी चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य वारदात से पहले गांवों में रेकी करते थे।
फिर घरों में घुसकर बकरा-बकरियों के मुंह पर प्लास्टिक टेप लगाते थे, ताकि वे आवाज न कर सकें। इसके बाद उन्हें कार में भरकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने चोरी के बकरे खरीदने वाले व्यक्ति और वारदात में इस्तेमाल कार किराये पर देने वाले मालिक को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो बकरे, सियाज कार और वारदात में इस्तेमाल औजार जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पहली घटना ग्राम करवा की है। यहां के निवासी मोहम्मद मुस्लिम अंसारी (44) ने 6 नवंबर 2026 को लटोरी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि 1-2 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और दो बकरे व दो बकरियां चोरी कर ले गए।
इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 325/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दूसरी घटना ग्राम जगतपुर की है। यहां के निवासी सुरेश कुमार कुशवाहा (49) ने 23 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 20-21 नवंबर की दरम्यानी रात चोर घर का दरवाजा तोड़कर तीन बकरे और दो बकरियां चोरी कर ले गए।
इस मामले में भी पुलिस ने अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में केस दर्ज किया था।
सोनवाही जंगल के पास घेराबंदी कर पकड़ी कार
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद विशेष पुलिस टीम बनाई गई।
24 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सीतापुर की ओर से सफेद रंग की सियाज कार (CG 10 VH 9456) में कुछ संदिग्ध लोग लटोरी क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने सोनवाही जंगल के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
कार सवार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान उन्होंने करवा और जगतपुर में बकरा-बकरी चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए मवेशियों को ग्राम रायकेरा टोकापारा में नुरुल्लाह खान को बेचा था।
चोरी के बकरे खरीदने वाला भी गिरफ्तार
पुलिस ने नुरुल्लाह खान (45) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने चोरी के दो बकरे खरीदना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 317(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
जांच में यह भी पता चला कि वाहन मालिक अजीत पैकरा आरोपियों को हर रात 7 हजार रुपए किराये पर सियाज कार देता था। आरोपी इसी कार से अलग-अलग गांवों में पहुंचकर चोरी करते थे। पुलिस ने वाहन मालिक को भी गिरफ्तार किया है।