छत्तीसगढ़ में बादल छंटने और मौसम साफ होने के बाद ठंड बढ़नी शुरू हो गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में बादल छंटने और मौसम साफ होने के बाद ठंड बढ़नी शुरू हो गई है। इसका सबसे ज्यादा असर सरगुजा संभाग के जिलों में दिखाई दे रहा है।

यहां बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सूरजपुर में 9.4 और सरगुजा में 9.2 डिग्री रहा। सूरजपुर में तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है। वहीं बालोद में भी पारा सामान्य से 6.6 डिग्री और बेमेतरा में 6.5 डिग्री कम रहा।

प्रदेश में 15 डिग्री से कम न्यूनतम तापमान वाले जिलों की संख्या 13 है। इनमें उत्तर छत्तीसगढ़ के साथ मैदानी इलाके के जिले भी शामिल हैं। मौसम साफ होने के कारण रात में ठंड का असर बढ़ा है, जबकि दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं है।

प्रदेश में मौसम फिलहाल ड्राई है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है, लेकिन इसका छत्तीसगढ़ पर खास असर नहीं है। कोई अलर्ट नहीं है।