छत्तीसगढ़ में सुसाइड के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में सुसाइड के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दुर्ग जिले के भिलाई में MBBS की पढ़ाई कर रहे छात्र अभिजीत देवांगन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पीजी के कमरे में पंखे से फंदे पर लटकता हुआ उसका शव मिला। वह चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपने मम्मी-पापा से माफी मांगी है।

बताया जा रहा है कि पिछली परीक्षा में दो सब्जेक्ट में बैक लगने के बाद से वह परेशान था। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। मामला स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का है।

दूसरा मामला दंतेवाड़ा जिले के बालूद का है। जहां सरकारी संस्था छू लो आसमान एकेडमी के हॉस्टल में 12वीं के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार दोपहर कमरे में फंदे से लटका उसका शव मिला। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

भिलाई – 10 दिन पहले ही PG में रहने आया था

अभिजीत चरोदा के जंजगीरी गांव का रहने वाला था। पिता तीरथ राम देवांगन ने बताया कि, अभिजीत कोहका स्थित अवंति बाई चौक में एक PG में किराए पर रह रहा था।

कुछ दिन पहले उसने घर से अलग रहकर पढ़ाई करने की इच्छा जताई थी। मेरी सहमति मिलने के बाद 10 दिन पहले PG लिया था। इसके बाद सिर्फ 5 दिन ही PG में रहा।

दो विषयों में बैक लगने के बाद था मायूस

पिता के मुताबिक, अभिजीत ने मेहनत कर NEET परीक्षा पास की थी। इसके बाद चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में MBBS में दाखिला लिया था।

वह थर्ड ईयर का छात्र था। पिछली परीक्षा में दो विषयों में बैक लगने के बाद से वह निराश रहने लगा था।