बिलासपुर में पिछले सत्र में धान उठाने वाले राइस मिलर्स ने नए सत्र की धान खरीदी शुरू होने के 11 दिन बाद भी चावल जमा नहीं किया है। खाद्य विभाग की जांच में 36,916.4 क्विंटल धान की कमी मिली है। इसके बाद विभाग ने 2 राइस मिलों को सील कर दिया है, जबकि 20 मिलर्स को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समितियों और संग्रहण केंद्रों से धान उठाने वाले मिलर्स को उसके बदले निर्धारित मात्रा में चावल नागरिक आपूर्ति निगम (नान) और भारतीय खाद्य निगम (FCI) में जमा करना था। नियम के मुताबिक, नए सत्र की धान खरीदी शुरू होने से पहले पुराना चावल जमा करना अनिवार्य है। इसके बावजूद कई मिलर्स ने तय समय में चावल जमा नहीं किया।
खाद्य विभाग की जांच में धान के स्टॉक में बड़ी कमी सामने आई है। हालांकि, कम मिले धान के बदले बनने वाले चावल की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
कलेक्टर के निर्देश पर 26 नवंबर को हुई जांच
धान खरीदी और कस्टम मिलिंग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पिछले सत्र के धान और चावल का हिसाब मांगा। इसके बाद जांच के निर्देश दिए गए। खाद्य विभाग की टीम ने 26 नवंबर को कोटा विकासखंड स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल का निरीक्षण किया।
सहायक खाद्य अधिकारी अजय कुमार मौर्य और खाद्य निरीक्षक आशीष दीवान, ललिता शर्मा और वसुधा राजपूत ने मिल परिसर में उपलब्ध धान का भौतिक सत्यापन किया। जांच में 36,916.4 क्विंटल धान कम मिला।
इसके अलावा राजमुनि राइस मिल और पार्वती राइस मिल की जांच में भी साल 2025-26 में उठाए गए धान के बदले कम चावल जमा करने की जानकारी सामने आई।
दो राइस मिल सील, 20 मिलर्स को नोटिस
खाद्य विभाग ने जांच में मिली गड़बड़ियों के बाद दो राइस मिलों को सील कर दिया है। वहीं, 20 मिलर्स को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
नोटिस पाने वालों में तखतपुर, बिल्हा और शहर क्षेत्र की सरदार एग्रो इंडस्ट्रीज, राजमुनि फूड्स, शंकर राइस प्रोडक्ट्स, राजमुनि एग्रो, ओंकार फूड्स, कैलाश राइस दाल मिल, श्री इंडस्ट्रीज, गोयल राइस मिल, नवरंग राइस मिल, बाल कृष्ण फूड्स, श्री रानीसती एग्रोटेक, सांई एग्रो इंडस्ट्रीज, लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स, शिव शंकर एग्रो इंडस्ट्रीज, शंकर पोहा उद्योग, सरस्वती एग्रो इंडस्ट्रीज, श्री श्याम एग्रो, सिंग एग्रो प्रोडक्ट्स, ओम राइस मिल और रघुबीर राइस मिल शामिल हैं।