अंबिकापुर में खराब सड़कों से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। भारत माता चौक से दरिमा रोड तक सड़क बनाने का काम शुरू हो गया है। इस सड़क का निर्माण तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं, अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण और नवनिर्माण पर भी सहमति बन गई है। इसके लिए ठेकेदार को 18 महीने का समय दिया गया है।
इधर, नेशनल हाईवे की बदहाल सड़कों को लेकर शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान अधिकारी कार्यालय में नहीं मिले। प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जल्द ठीक नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
खरसिया नाका से लुचकी घाट तक सड़क बदहाल
नेशनल हाईवे-43 पर अंबिकापुर के खरसिया नाका से लुचकी घाट तक और सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 4 किलोमीटर सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। गांधी चौक से सिलफिली तक भी सड़क की हालत खराब है।
अंबिकापुर के खरसिया नाका रोड और सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र में चौड़ीकरण का काम करीब डेढ़ महीने से रुका हुआ था। अब इसे फिर से शुरू कर दिया गया है।
3 महीने में खरसिया नाका रोड का काम पूरा होगा
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के खरसिया नाका रोड पर जलभराव की समस्या को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण के साथ नाली और सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 2 किलोमीटर लंबी सड़क के 300 मीटर हिस्से में डामरीकरण हो चुका है। बाकी हिस्से में सीसी रोड बनाई जाएगी।
सड़क चौड़ीकरण के लिए जिला प्रशासन ने 40 से ज्यादा अतिक्रमण हटाए हैं। नेशनल हाईवे के अधिकारियों के मुताबिक, इस सड़क का काम अगले तीन महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
सीतापुर में 6 महीने में बनेगी सड़क
सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई की अनुमति मिल गई है। अब यहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का लक्ष्य है कि अगले 6 महीने में सड़क का काम पूरा कर लिया जाए।
मनेंद्रगढ़ रोड का चौड़ीकरण, 18 महीने में पूरा होगा काम
अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मार्ग पर गांधी चौक से रेलवे स्टेशन रोड तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी और नेशनल हाईवे के बीच विवाद के कारण करीब डेढ़ महीने से काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था।
नेशनल हाईवे ने वन टाइम इम्प्रूवमेंट योजना के तहत सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किया था। दूसरी ओर, पीडब्ल्यूडी ने भी इस काम के लिए राशि स्वीकृत की थी। अब पीडब्ल्यूडी ने यह राशि नेशनल हाईवे को ट्रांसफर कर दी है।
सड़क चौड़ीकरण के साथ बिजली के पोल और पाइपलाइन हटाने की तैयारी भी की जा रही है। इसके लिए बिजली विभाग, वन विभाग और नगर निगम को डिमांड नोट जारी किया गया है। फिलहाल ठेकेदार ने गड्ढों की पेंच रिपेयरिंग कराई है। पूरे निर्माण कार्य को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।