छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में 1280 करोड़ रुपए की गड़बड़ी के मामले में फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को UAE से भारत लाया गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ शराब घोटाले में 1280 करोड़ रुपए की गड़बड़ी के मामले में फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को UAE से भारत लाया गया है। शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे उसे रायपुर की रिमांड कोर्ट में पेश किया गया।

ACB कोर्ट में जज की अनुपस्थिति के चलते उसे रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। शराब सिंडिकेट में विकास को फंड मैनेजर यानी मनीमैन की भूमिका में बताया गया है।

इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस पर UAE की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद CBI ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत पहुंचाया। विकास UAE में रहकर बोस्टन नाम की कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था।

ACB-EOW ने पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड मांगी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने विकास को 30 नवंबर तक EOW की रिमांड पर सौंप दिया। फिर रात 12:33 बजे EOW के अधिकारी उसे कोर्ट से लेकर ACB-EOW कार्यालय पहुंचे। सोमवार को उसे फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा।

बचाव पक्ष ने प्रत्यर्पण संधि का दिया हवाला

कोर्ट में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने दलीलें रखीं। उन्होंने भारत और UAE के बीच प्रत्यर्पण संधि और प्रत्यर्पण अधिनियम का हवाला देते हुए कहा कि आरोपी पर उसी अपराध के तहत कार्रवाई और ट्रायल किया जा सकता है, जिसके आधार पर उसे भारत लाया गया है। प्रत्यर्पण के आधार से अलग कोई नया अपराध नहीं जोड़ा जाना चाहिए।

बचाव पक्ष ने आरोपी को UAE से भारत लाने की प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज भी पेश करने की मांग की। साथ ही कहा कि पूछताछ के दौरान उसके मानवाधिकारों का उल्लंघन न हो।

इसके लिए एजेंसी के किसी अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि पूछताछ की प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सके। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने रिमांड मंजूर कर आरोपी को EOW के हवाले कर दिया।

EOW चीफ IG अमरेश मिश्रा की टीम लेकर पहुंची

आरोपी को रायपुर लाने के लिए छत्तीसगढ़ EOW की टीम से EOW चीफ IG अमरेश मिश्रा के साथ DSP रोशन आहूजा और DSP राहुल शर्मा उसे लेकर रायपुर पहुंचे। इसके बाद रात में उसे रिमांड कोर्ट में पेश किया गया।

फंड मैनेजर के तौर पर काम करने का आरोप

जांच एजेंसी के मुताबिक, विकास शराब सिंडिकेट में फंड मैनेजर यानी मनीमैन की भूमिका निभाता था। सिंडिकेट में उसे अनवर ढेबर का राइट हैंड भी कहा जाता था। उसका काम शराब कारोबार से जुड़े लोगों और अधिकारियों के बीच कमीशन की रकम के लेनदेन और उसके प्रबंधन में मदद करना था।

एजेंसी का आरोप है कि 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में हुई गड़बड़ियों से राज्य के खजाने को 1280 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ।

Exit mobile version