छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए पूर्णिमा चौहान हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए पूर्णिमा चौहान हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पति ने पत्नी के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड को रास्ते से हटाने के लिए 4 लाख की सुपारी दी थी। दरअसल, गर्लफ्रेंड पूर्णिमा शादीशुदा बॉयफ्रेंड पर शादी का दबाव बना रही थी। दो नकाबपोश युवकों ने घर में घुसकर युवती को 3 गोलियां मारी थीं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, शूटर्स ने शूटर मूवी देखकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पत्नी चम्पा ने शूटर्स को सुपारी देने के लिए अपने पोस्ट ऑफिस का खाता तोड़कर उससे रकम निकाली। जिससे उसने 2 लाख रुपए एडवांस दिए थे।

पुलिस ने मामले में पति-पत्नी समेत कुल 9 आरोपियों को छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार, बाइक और कैश भी बरामद किया गया है। घटना सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा की है।

जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, 26 जून की सुबह करीब 11 बजे ग्राम जोंगरा में 2 नकाबपोश युवक बिना नंबर की बाइक से पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम (25) के घर पहुंचे। एक आरोपी घर के भीतर गया और पहचान करने के बाद पिस्टल से उस पर 3 गोलियां दाग दीं। सिर और शरीर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शादीशुदा युवक से था अफेयर

पुलिस जांच में पता चला कि, पूर्णिमा का रायगढ़ जिले के देल्लारी निवासी मुरलीशंकर चौहान से अफेयर था। दोनों आयुर्वेदिक दवाइयों के प्रचार-प्रसार का काम करते थे। पूर्णिमा की शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन रिश्ता टूटने के बाद 2 साल से वह अपने घर में ही रह रही थी।

वहीं, मुरलीशंकर भी पहले से शादीशुदा था। उसकी पत्नी चम्पा चौहान को इस संबंध की जानकारी थी, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। बाद में मुरलीशंकर ने पूर्णिमा से दूरी बना ली, लेकिन वह शादी का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर पति-पत्नी ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।