सूरजपुर जिले के लांची गांव में खुदाई के दौरान एक बड़ा पत्थर टूटकर गिर गया, इसके हादसे में 2 युवक जिंदा दफन हो गए। घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की है। दोनों युवक सरकारी जमीन पर अवैध रुप से खुदाई कर गिट्टी निकालने का काम कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई की। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
मृतकों में ये शामिल
- बाबु लाल (18), पिता धनेसवर सिंह गोड़
- जय पाल (18) पिता जय सिंह गोड़
ग्रामीणों ने देखा तो मौके पर पहुंचे
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद हम मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि मिट्टी और पत्थर धंसकर गिर चुके थे। हमने दोनों युवकों को वहां जाते देखा था और उन्हें मना भी किया था। उन्होंने कहा था कि वे लौट रहे हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों मलबे के नीचे दबे मिले। जब तक पत्थर हटाकर उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।
मृतक के भाई ज्वाला प्रसाद ने बताया भाई घर से कब निकला पता ही नहीं चला। खाना खाने के बाद मैं काम में जाने वाला था तभी मुझे जानकारी मिली कि हादसा हो गया है।
खुदाई क्यों हो रही थी, इसकी जांच होगी
सूरजपुर तहसीलदार सूर्यकांत साय ने बताया कि दोनों मृतक लांची गांव के हैं। सुबह वे लोग पत्थर की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान पत्थर धंस गया और वे दोनों दब गए। ग्रामीणों के सहयोग से उनके शवों को बाहर निकाला गया। यहां खनन का काम किया जा रहा था, ये जांच का विषय है।