छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार को बाइक सवार 3 दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार को बाइक सवार 3 दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। बाइक समेत तीनों युवक ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए। लहूलुहान होकर तीनों सड़क पर ही तड़पते रहे। कुछ देर बाद 2 लड़कों की मौत हो गई।

जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। तीनों युवक खेती-किसानी का काम करते थे। वे शहर से अपने गांव महलोई जा रहे थे। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महलोई निवासी ज्ञानचंद मिर्धा (21), प्रकाश राठिया (20) और बुटरु (21) रविवार सुबह किसी काम से रायगढ़ आए थे। करीब 11 बजे तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस महलोई गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक (OD16 C 7859) ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से प्रकाश राठिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ज्ञानचंद मिर्धा और बुटरु गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में दूसरे की मौत, तीसरे की हालत गंभीर

घटना की सूचना मिलने पर चक्रधर नगर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने बुटरु को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं, ज्ञानचंद मिर्धा का अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश

इस मामले में चक्रधर नगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ट्रेलर ड्राइवर फरार हो गया था। ट्रेलर को जब्त कर थाने लाया गया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।