भिलाई के खुर्सीपार इलाके में स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को रोककर उनसे मारपीट करने, गाली-गलौज करने और शराब पीने के लिए पैसे मांगने वाले 2 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesभिलाई के खुर्सीपार इलाके में स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को रोककर उनसे मारपीट करने, गाली-गलौज करने और शराब पीने के लिए पैसे मांगने वाले 2 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि दो नाबालिग लड़कों को अभिरक्षा में लिया गया है। उनके पास से दो बाइक और एक लकड़ी का हॉकी स्टिक भी जब्त हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पूरा मामला थाना खुर्सीपार क्षेत्र का है। 13 जुलाई की रात करीब 8:40 बजे खुर्सीपार निवासी मोहम्मद शब्बीर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि इलाके के कुछ युवक स्कूल आने-जाने वाले छात्रों को रास्ते में रोकते हैं।

उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते हैं। इसके बाद शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हैं। अगर कोई छात्र पैसे देने से मना करता है तो उसे डराया-धमकाया जाता है और उसके साथ मारपीट की जाती है।

शिकायत मिलने के बाद खुर्सीपार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने अगले ही दिन स्कूल समय में घटना स्थल और आसपास के इलाके में जांच की। इस दौरान शिकायतकर्ता और पीड़ित छात्रों से आरोपियों की पहचान कराई गई।

जांच के दौरान युवराज साहू और शेखर गुप्ता की पहचान सामने आई। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय युवराज साहू निवासी डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार और 21 वर्षीय शेखर गुप्ता निवासी एचसीएल कॉलोनी, तेलहा नाला के पास, नंबर-04, खुर्सीपार के रूप में हुई है।

दो नाबालिग भी शामिल थे कृत्य में

इसके बाद 14 जुलाई को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल दो नाबालिग लड़कों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की गई है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को सुनसान जगह पर रोकते थे। वहां उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर शराब पीने के लिए पैसे मांगते थे। जो छात्र विरोध करता था या पैसे देने से मना करता था, उसे धमकाकर डराने की कोशिश की जाती थी। इस वजह से कई छात्र डरे हुए थे और स्कूल आने-जाने में भी डर महसूस कर रहे थे।

मोटरसाइकिल और हॉकी स्टिक को किया जब्त

यह घटना मदनी मस्जिद के पास, मदरसा जोन-02, खुर्सीपार क्षेत्र की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो बाइक और एक लकड़ी का हॉकी स्टिक भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल छात्रों को डराने के लिए किए जाने की आशंका है।