रायपुर में रविवार दोपहर कारोबारी पंकज मेघानी के साथ दिनदहाड़े मारपीट कर लूट की गई। लालपुर ब्रिज के नीचे कुछ लोगों ने पहले कारोबारी की कार पर पत्थर फेंककर पीछे का शीशा तोड़ दिया।
इसके बाद कार से उतरने पर हथियारों से लैस लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट के दौरान कारोबारी के गले से सोने की चेन भी लूट ली गई। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अब पढ़िए क्या है पूरा मामला
पीड़ित कारोबारी पंकज मेघानी ने पुलिस को बताया कि, वो देवपुर स्थित बाबा गेलाराम नगर में रहता है। डूमरतराई मार्केट में शुभम ट्रेडर्स के नाम से अनाज का कारोबार करता है। रविवार दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी हेरियर कार (CG-04-QT-8388) से भाई नीरज मेघानी, चचेरे भाई और दोस्तों तनीष खेमानी, गुरुदास पंजवानी के साथ नाश्ता करने निकला था।
जैसे ही उनकी कार लालपुर ब्रिज के नीचे पहुंची। ब्रिज के पास बनी झोपड़ियों की ओर से एक पत्थर फेंका गया। जिससे कार का पिछला शीशा टूट गया। कार रोककर सभी नीचे उतरे तो झोपड़ियों में रहने वाले कई लोग डंडा, सरिया, पत्थर, हथौड़ा, ईंट और कुल्हाड़ी लेकर बाहर आ गए।
आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथियों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। धक्का-मुक्की के दौरान उसके गले से सोने की चेन गायब हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
जान बचाने के लिए सभी लोग मौके से कार लेकर निकल गए। मामले की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है