रायपुर का मौदहापारा थाना अब ई-मालखाना प्रणाली से जुड़ गया है

Chhattisgarh Crimesरायपुर का मौदहापारा थाना अब ई-मालखाना प्रणाली से जुड़ गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने आज इसका शुभारंभ किया। इससे पहले कमिश्नरेट में ई-मालखाना की शुरुआत कोतवाली थाना से की गई थी।

ई-मालखाना प्रणाली के जरिए अपराध और अन्य मामलों में जब्त किए गए सामान का रखरखाव अब डिजिटल तरीके से किया जाएगा। इससे जब्त संपत्तियों का रिकॉर्ड व्यवस्थित और पारदर्शी रहेगा। साथ ही माल की डिजिटल एंट्री होने से उसकी ‘चेन ऑफ कस्टडी’ भी सुरक्षित रहेगी, जिससे किसी भी जब्त सामान की स्थिति, विवरण और उससे जुड़े प्रकरण की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।

पुलिस का कहना है कि नई व्यवस्था से न्यायालयीन प्रक्रिया में भी पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी। डिजिटल रिकॉर्ड होने से जब्त माल के प्रबंधन में आसानी होगी और उसके रखरखाव की निगरानी बेहतर तरीके से की जा सकेगी।

शुभारंभ कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, मौदहापारा थाना प्रभारी शक्ति सिंह समेत थाने के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अनुसार, पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के तहत चरणबद्ध तरीके से अन्य थानों में भी ई-मालखाना प्रणाली शुरू की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।