छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के एक सरकारी अस्पताल में शराब और चिकन पार्टी का मामला सामने आया है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के एक सरकारी अस्पताल में शराब और चिकन पार्टी का मामला सामने आया है। फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय अपने अन्य साथियों के साथ ड्यूटी के दौरान एक कमरे में पार्टी करते नजर आए। इसका वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस मामले में CMHO डॉ. कपिल देव पैकरा ने फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। उनका कहना है कि मामले में विभागीय कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यह मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी का है।

ड्यूटी के दौरान कमरे में शराब और मुर्गा पार्टी

फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा मंगलवार (21 जुलाई) को अपने साथियों के साथ अस्पताल के एक कमरे में शराब और चिकन पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय समेत चार लोग कुर्सियों पर बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि टेबल पर डिस्पोजल गिलास, शराब, मुर्गा और सिगरेट का डिब्बा दिखाई दे रहा है। सवाल-जवाब करने पर सभी धीरे-धीरे कमरे से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं।

ग्रामीणों में नाराजगी

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में शराब पार्टी करना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। उन्होंने मामले में फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय सस्पेंड

वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा-स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. कपिल देव पैकरा ने फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।