बिलासपुर में नगर निगम ने बिना वैधानिक अनुमति के संचालित हो रहे होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में नगर निगम ने बिना वैधानिक अनुमति के संचालित हो रहे होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को सिरगिट्टी मेन रोड स्थित मुक्तिधाम के पास संचालित ‘द गोल्डन स्टे’ होटल को सील कर दिया गया। इस होटल में OYO का संचालन हो रहा था और यहां संदिग्ध गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

शिकायतों के आधार पर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने जांच के निर्देश दिए। निगम की टीम ने होटल का निरीक्षण किया, जिसमें पता चला कि होटल आवश्यक अनुमति और निर्धारित नियमों के बिना संचालित किया जा रहा था। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए जांच की गई। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर निगम ने होटल को तत्काल सील कर दिया।

नगर निगम के अनुसार, भवन के मालिक श्रद्धेय गुप्ता हैं। होटल को यश ब्रदर्स ने पूरन सिंह और नागेश्वर यादव को OYO संचालन के लिए किराए पर दिया था। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं।

इसके बाद नगर निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान होटल संचालन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की गई, जिसमें नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।

अब तक 7 होटलों पर कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने बताया कि निगम क्षेत्र में बिना लाइसेंस और आवश्यक अनुमति के संचालित होटल, लॉज और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। अब तक ऐसे करीब सात होटलों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

विशेष अभियान रहेगा जारी

आयुक्त ने कहा कि बिना वैधानिक अनुमति संचालित होटल, लॉज और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन या आवश्यक स्वीकृतियों के बिना संचालन मिलता है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी