राजधानी रायपुर में इंस्टाग्राम पर दिखे एक विज्ञापन के जरिए क्रेडिट कार्ड से पैसे खाते में ट्रांसफर कराने का लालच एक व्यक्ति को भारी पड़ गया।
ठगों ने पहले 50 हजार रुपए जमा करवाए, फिर रकम लौटाने का झांसा देकर 20 हजार रुपए और ट्रांसफर करा लिए।
कुल 70 हजार रुपए से अधिक की ठगी होने के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन और पुलिस से शिकायत की है। पीड़ित का नाम डूंडा निवासी अनिल कुल्हाड़िया (42) बताया जा रहा है।
अब पढ़े क्या है पूरा मामला
मुजगहन पुलिस के अनुसार डूंडा निवासी अनिल कुल्हाड़िया (42) ने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को उनके इंस्टाग्राम आईडी पर fit_sush_model नाम के अकाउंट से एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें क्रेडिट कार्ड से सीधे बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करने का दावा किया गया था।
विज्ञापन पर भरोसा कर उन्होंने clickpayz.in के माध्यम से 50 हजार रुपए जमा कर दिए। इसके बाद ठगों ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर भरोसा दिलाया कि 24 घंटे के भीतर पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।
बाद में आरोपियों ने तकनीकी कारण बताकर कहा कि पूरी रकम एक साथ ट्रांसफर नहीं हो सकती और आंशिक भुगतान की प्रक्रिया के नाम पर उनसे 20,500 रुपए और जमा करा लिए।
जब काफी इंतजार के बाद भी कोई रकम वापस नहीं मिली तो अनिल को अपने साथ धोखाधड़ी का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद मुजगहन थाने पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले आकर्षक ऑफर, आसान लोन या क्रेडिट कार्ड से कैश ट्रांसफर जैसे विज्ञापनों के झांसे में न आएं।
किसी भी ऑनलाइन भुगतान से पहले वेबसाइट और संबंधित संस्था की पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।