राजधानी रायपुर में एक बार फिर सोशल मीडिया पर कथित प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर वायरल होने से हलचल मच गई है। वायरल पोस्टर में 4,999 रुपए एंट्री फीस लेकर किसी गोपनीय स्थान पर पूल पार्टी आयोजित करने का दावा किया गया है।
पोस्टर में मॉडल्स और एक्ट्रेस के साथ इंटरेक्शन, सीमित मेहमानों की एंट्री और पेमेंट के बाद आयोजन स्थल की लोकेशन साझा करने जैसी बातें लिखी गई हैं। पोस्टर वायरल होने के बाद रायपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर में पार्टी में सीमित संख्या में लोगों को एंट्री देने का दावा किया गया है। इसमें शामिल होने के लिए 4,999 रुपए एंट्री फीस तय होने की बात लिखी गई है।
पोस्टर की खास बात यह है कि आयोजन स्थल का नाम या पता सार्वजनिक नहीं किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि भुगतान करने के बाद ही पार्टी की लोकेशन संबंधित लोगों के साथ साझा की जाएगी।
आयोजकों और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच
पुलिस यह जांच कर रही है कि सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर वास्तविक है या फिर किसी ने केवल प्रचार के उद्देश्य से इसे तैयार कर प्रसारित किया है। साथ ही पोस्टर वायरल करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यदि इस तरह का कोई आयोजन प्रस्तावित है, तो उसके लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई है या नहीं। पुलिस आयोजन स्थल और आयोजकों की पहचान का भी पता लगाने में जुटी है।
बजरंग दल ने जताई आपत्ति
कथित पूल पार्टी को लेकर बजरंग दल ने भी आपत्ति जताई है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि रायपुर में पहले भी इस तरह के आयोजनों से जुड़े पोस्टर सामने आ चुके हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस तरह का कोई आयोजन किया गया, तो उसका विरोध किया जाएगा।