मामला धरमजयगढ़ वन मंडल का है। शुक्रवार (12 सितंबर) रात हाथियों का दल जंगल से निकलकर खेतों तक पहुंचा। जहां लैलूंगा वन परिक्षेत्र के सागरपाली गांव में 6 किसानों के धान की फसल को रौंदकर खराब कर दिया। वहीं, हाथी के पैर के नीचे आने से एक ग्रामीण बाल-बाल बच गया।
टमाटर और धान की फसल चौपट
वहीं हाथियों ने बाकरूमा रेंज के रैरूमा में 5 किसानों टमाटर और धान की फसल को चौपट करने समेत एक मकान की दीवार को ढहा दिया। छाल के लोटान में 1 और पुरूंगा में 3 किसानों के फसल को नुकसान किया।
बोरो रेंज के चाल्हा में 1, घोंचल में 5, धरमजयगढ़ के आमापाली में 1 और मेढरमार में 6 किसानों के फसलों को रौंदा है। इसके अलावा रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज के डेहरीडीह में विचरण कर रहे 48 हाथियों का दल डेहरीडीह में 4 किसानों के फसल को नुकसान कर छाल रेंज में चला गया।
रात में हाथियों का दल रोड पर आया
शनिवार (13 सितंबर) रात तकरीबन 8 बजे लैलूंगा रेंज के झगरपुर में बीच सड़क 34 हाथियों का दल आ गया। जब इसकी जानकारी वन अमले को लगी तो SDO समेत वनकर्मी और हाथी मित्र दल यहां पहुंच गए। दोनों ओर से आने-जाने वाली गाड़ियों को रोका गया। ताकि हाथी दल आसानी से रोड पार कर सके। काफी देर बाद हाथियों का दल यहां से पार हुआ।