छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में घर के पुराने ड्राइवर ने SECL के रिटायर्ड कर्मचारी की पत्नी का अपहरण किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में घर के पुराने ड्राइवर ने SECL के रिटायर्ड कर्मचारी की पत्नी का अपहरण किया। दरअसल महिला के पति को रिटायरमेंट के 50 लाख से भी ज्यादा रकम मिले थे, इसी बात की जानकारी ड्राइवर को पहले से थी। उसने पैसों के लालच में अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी पत्नी को किडनैप किया। 29 अप्रैल को 3 साथी घर घुसे, उन्होंने पीने के लिए पानी मांगने के बहाने बात की। इसके बाद मौका देखकर ललिता कुजूर (62) को पकड़ा, मुंह-आंख पर टेप लगाया और अपने साथ ले गए थे। इसके बाद पति को कॉल कर 22 लाख फिरौती मांगी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 4 दिन बाद पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ा है, 1 फरार की तलाश जारी है। अब जानिए पूरा मामला

 

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सरनापारा में रहने वाले पैत्रुस कुजूर ने 30 अप्रैल को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 अप्रैल की सुबह वह अपने ड्राइवर के साथ अपनी एक्सीडेंट हुई गाड़ी ठीक कराने अंबिकापुर गया था। उस समय उसकी पत्नी ललिता कुजूर घर पर अकेली थी।

 

दोपहर करीब 1 बजे उसकी पत्नी ने कॉल कर पूछा कि वह घर कब आएंगे, तो उसने बताया कि वह अंबिकापुर से निकल रहा है। इसके बाद जब वह दोपहर करीब 3:30 बजे अपने ड्राइवर के साथ घर पहुंचा, तो उसकी पत्नी घर पर नहीं थी। घर का सामान फैला हुआ था और कुछ स्थानों पर खून भी गिरा था।

 

उसने आसपास और परिचितों के घर पत्नी की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। तभी करीब 3:50 बजे पत्नी के मोबाइल से उसे कॉल आया। कॉल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि अगर अपनी पत्नी को वापस चाहते हो तो 22 लाख रुपए दो, नहीं तो वह तुम्हें नहीं मिलेगी। इसके बाद ललिता कुजूर का फोन बंद हो गया। अगवा महिला की तलाश के लिए 3 टीम गठित

 

मामले की जानकारी मिलते ही डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने तुरंत अगवा महिला को ढूंढने और आरोपियों को पकड़ने के लिए 3 पुलिस टीम बनाई। पुलिस टीमों ने मौके पर जाकर जांच की और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।

 

इसी दौरान पुलिस को पैत्रुस कुजूर के पहले काम कर चुके ड्राइवर रौशन देवांगन (21) पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे ग्राम मानपुर से पकड़कर पूछताछ की तो उसने माना कि वह ललिता के अपहरण में शामिल था।

 

ड्राइवर ने रची अपहरण की साजिश, फिरौती के लिए किया किडनैप

 

पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले करीब 18 महीने तक पैत्रुस की गाड़ी चलाता था। इसलिए उसे पता था कि पैत्रुस एसईसीएल से रिटायर हुआ है और उसे काफी पैसा मिला है। पैसे के लालच में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर किडनैपिंग की योजना बनाई।