सक्ती जिले के जैजैपुर से मालखरौदा तक बीती रात अज्ञात बदमाशों ने सड़क किनारे खड़ी कई कार के शीशे फोड़ दिए। मिशन चौक, पिहरीद और कलमी गांव समेत कई स्थानों पर हुई इस तोड़फोड़ ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक नजर आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, तोड़फोड़ की यह घटना जैजैपुर क्षेत्र से शुरू होकर मालखरौदा तक फैली। बदमाशों ने रास्ते में सड़क किनारे खड़े कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। सुबह जब वाहन मालिकों ने अपनी गाड़ियों के टूटे शीशे देखे तो वे हैरान रह गए। कई पीड़ितों ने बताया कि उनकी कारें घरों के सामने या मुख्य सड़क किनारे खड़ी थीं, जिन्हें देर रात निशाना बनाया गया। स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना सामने आने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पूरे इलाके में भय और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से एक के बाद एक वाहनों को निशाना बनाया। लगातार हुई इन वारदातों से कानून व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
सीसीटीवी में 3 संदिग्ध कैद
सोमवार सुबह क्षेत्रवासियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक बाइक पर सवार तीन युवक संदिग्ध गतिविधियां करते हुए दिखाई दिए हैं। बताया जा रहा है कि ये तीनों ही आरोपी जैजैपुर से मालखरौदा तक विभिन्न स्थानों पर खड़ी कारों के शीशे फोड़ते हुए कैमरे में कैद हुए हैं।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक पर पीछे बैठा युवक सड़क किनारे खड़ी कार देखते ही रुककर उसके शीशे पर हमला कर देता था। बाइक चालक लगातार वाहन आगे बढ़ाता रहा, जबकि तीसरा युवक भी उनके साथ था। स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे थे।