छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो युवकों की लाठी-डंडों से पिटाई का वीडियो सामने आया है। बदमाश पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुसकर लाठी-लोहे के रॉड से युवकों पर हमला करते नजर आ रहे हैं। मारपीट में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, आरोपियों में शामिल एक युवक ने पहले पीड़ित की बाइक को टक्कर मार दी थी। इस पर उसे धीरे बाइक चलाने की समझाइश दी गई। इसी बात से नाराज होकर वह अपने साथियों के साथ वापस पहुंचा और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दशगात्र में शामिल होकर लौट रहे थे
पुलिस से मिली अनुसार ग्राम पचपेड़ी निवासी प्रभाकर मार्शल चौकसे कॉलेज में बी-फार्मेसी का छात्र है। वह रविवार को अपने रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गांव गया था।
दोपहर करीब 12:30 बजे प्रभाकर अपने साथी निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ बाइक पर सवार होकर हाथ में लाउड स्पीकर लेकर समाज की महिलाओं को नहाने के कार्यक्रम की सूचना देने निकला था।
बाइक की टक्कर के बाद हुआ विवाद
इस दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार बाइक सवार बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। गिरने के बाद युवकों ने बादल जांगड़े से बाइक धीरे चलाने की बात कही।
इस बात से नाराज होकर बादल गाली-गलौज करने लगा और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर बाद विक्की जांगड़े और विकास मार्शल भी मौके पर पहुंच गए। तीनों आरोपियों ने मिलकर लाठी-डंडों और लोहे के रॉड से हमला कर दिया। पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुसकर की मारपीट
इसके बाद सरोज जांगड़े समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर युवकों को घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जान बचाने के लिए एक युवक भागते हुए पेट्रोल पंप के ऑफिस में पहुंच गया, लेकिन हमलावर वहां भी पीछे-पीछे घुस गए और जमकर मारपीट की।
इसके बाद सभी मौके से भाग निकले। वहीं हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।